स्कूल के 3 टीचरों पर FIR, SP ऑफिस में गूंजी फरियाद
हापुड़। (फ़ॉक्सलेन न्युज) यूपी के हापुड़ जिले से निजी स्कूल की हैरान करने वाली करतूत सामने आई है। यहां कक्षा 6 के एक मासूम छात्र ने आरोप लगाया कि फीस समय पर जमा न होने पर स्कूल के टीचरों ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। पीड़ित बच्चे ने अपने पिता के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने तीन शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल की है। परिजनों का कहना है कि 25 अगस्त को कक्षा 6 के छात्र को तीन टीचरों—राशि, कपिल और विपिन—ने पहले गैलरी और फिर कमरे में बंद कर डंडों से जमकर पीटा। इससे बच्चे के पैर और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित पिता ने बताया कि तीनों बच्चों की फीस जमा की जाती रही है, लेकिन हाल ही में एक किश्त समय पर न दे पाने पर बेटे को इस कदर पीटा गया। इतना ही नहीं, जब पिता ने स्कूल प्रशासन से बात करनी चाही तो अभद्रता कर उन्हें टाल दिया गया।
बच्चे की शिकायत पर पुलिस ने तीनों टीचरों के खिलाफ BNS की धारा 115(2) और 127(2) में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








