पिलखुवा। (फ़ॉक्सलेंन न्यूज़)
कहते हैं खाकी वर्दी सिर्फ कानून और डंडे की पहचान नहीं होती, बल्कि इंसानियत की असली मिसाल भी बन सकती है। हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्राधिकारी सीओ अनीता चौहान ने यही साबित कर दिखाया।
उन्होंने मदद का हाथ बढ़ाकर 80 वर्षीय बेसहारा महिला को मौत के मुंह से खींचकर नई ज़िंदगी दी। जानकारी के मुताबिक करीब 40 साल पहले पति का साया सिर से उठ गया। दो बेटों में से एक सड़क हादसे में और दूसरा बीमारी से दुनिया छोड़ गया।
घर-बार और रिश्तेदार भी साथ छोड़ गए। अकेली महिला गरीबी और लाचारी में जैसे-तैसे गुजर-बसर कर रही थी। इसी बीच पित्त की थैली में पथरी की बीमारी ने हालत बिगाड़ दी। डॉक्टरों ने 40 हजार रुपये का खर्च बताया तो बुज़ुर्ग महिला की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। आखिरकार, महिला सीधे पहुंची सीओ पिलखुवा अनीता चौहान के पास। उसने रोते हुए अपनी पीड़ा सुनाई। चौहान ने न सिर्फ उसे अपने पास बैठाकर खाना-पीना कराया, बल्कि अस्पताल से बात करके फ्री ऑपरेशन करवाया।
ऑपरेशन सफल रहा और महिला अब पूरी तरह स्वस्थ है। ठीक होते ही वह खुद सीओ अनीता चौहान के पास पहुंची और भावुक होकर आशीर्वाद दिया।
इलाके में इस दरियादिली की खूब चर्चा है। लोग कह रहे हैं सीओ अनीता चौहान ने दिखा दिया कि पुलिस वर्दी सिर्फ कानून लागू करने के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत की सेवा के लिए भी होती है।







