पिलखुवा। (फ़ॉक्सलेंन न्यूज़) नगर के मौहल्ला छिद्दापुरी में होने वाले नाले के निर्माण कार्य मे नगर पालिका द्वारा बरती जा रही लापरवाही उजागर होने के बाद दर्जनों मौहल्लेवासी एकत्रित होकर क्षेत्रीय विधायक धर्मेश तोमर आवास पर पंहुचे और उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि साहब पालिका की लापरवाही हमारे जी का जंजाल बन रही है। सभासद पति प्रेम सिरोही ने बताया कि रेलवे ने स्पष्ट कर दिया है कि नाले के लिए भूमि लाइसेंसिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और नगर पालिका को लगभग 65 हजार रुपये शुल्क रेलवे खाते में जमा कराने थे, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

बारिश के मौसम से पहले रेलवे अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि बरसात शुरू होने पर नाला निर्माण का कार्य संभव नहीं होगा और सैकड़ों घरों का दूषित जल मोहल्ले में ही जमा रहेगा, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। नगर पालिका ने सात महीने पहले वादा किया था कि नाला जल्द बनेगा, लेकिन शुल्क न जमा कर समस्या और गंभीर बना दी गई। क्षेत्रीय विधायक ने लोगों के जनहित की समस्या को गंभीरता से लेने का वादा किया और जल्द ही समस्या के निपटारा करने की बात कही।
इस दौरान लटूर तोमर, पिंटू तोमर, विपिन तोमर, मोहन तोमर, राजकुमार, ऋषि तोमर, प्रदीप तोमर, राकेश कोरी, इंदर भाटी, जाहिद, जुबेर, अख्तर, सलीम, इरशाद, इरफान, इसरार, नीरज, रोहित, राजू सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।






