पिलखुवा। ( फ़ॉक्सलेन न्यूज़) उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अहर्ता परीक्षा (PET) शनिवार को नगर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में गहरी उत्सुकता और उत्साह देखने को मिला।

इस बार पिलखुवा में कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें सर्वोदय इंटर कॉलेज, मारवाड़ इंटर कॉलेज, चंडी इंटर कॉलेज और विबिग्योर स्कूल शामिल रहे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई — पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक हुई। सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखी गईं।

केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी परीक्षार्थियों की गहन चेकिंग की गई। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्रों के अंदर ले जाने की मनाही रही। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को कोई परेशानी न हो। वहीं, केंद्रों पर पेयजल, पंखे और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था भी की गई थी।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता और केंद्र व्यवस्थापकों की सतर्कता से परीक्षा पूर्णत: शांति और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई।






