हापुड़/पिलखुवा। (फ़ॉक्सलेन न्यूज) जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के बड़ौदा हिन्दवान गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 24 वर्षीय नवविवाहिता अंजलि की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता संतबीर, निवासी नंगला काशी थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर, ने बताया कि उनकी बेटी अंजलि की शादी करीब सात महीने पहले बड़ौदा हिन्दवान गांव निवासी नवीन पुत्र तेजबीर से हुई थी। नवीन मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही अंजलि को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और इसके कुछ ही समय बाद अंजलि की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पिलखुवा कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने कहा कि मृतका के परिजनों से अब तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।







