पिलखुवा। (फ़ॉक्सलेन न्यूज़) सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अब पिलखुवा और आसपास के इलाकों के पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस नियम के तहत कोई भी दोपहिया वाहन चालक यदि बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पर पहुंचता है, तो उसे पेट्रोल या डीज़ल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आने वाले ग्राहकों को तुरंत वापस भेजें।

अधिकारियों का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। अक्सर देखा गया है कि हेलमेट न पहनने की वजह से सड़क हादसों में लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान लोगों को मजबूर करेगा कि वे हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।
पुलिस विभाग ने भी साफ किया है कि नियम का उल्लंघन करने वालों पर चालान और अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि यह पहल सड़क सुरक्षा को नई दिशा देगी और आम लोगों की जान की रक्षा करेगी।







