
मेरठ। (फ़ॉक्सलेन न्यूज़) महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की जिंदगी पर बनी फिल्म पर सेंसर बोर्ड की रोक को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) मेरठ ने सड़क पर उतरकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ससोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे AAP जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा, सेंसर बोर्ड का फैसला न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि यह समाज सुधारकों की विचारधारा को दबाने की सोची-समझी साजिश है।

उन्होंने कहा कि फुले दंपति ने शिक्षा, समानता और महिला अधिकारों के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह आज के दौर में और भी ज़्यादा प्रासंगिक है। सरकार को ऐसे महापुरुषों की विरासत को दबाने के बजाय उसे आगे बढ़ाने का काम करना चाहिए।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, उपाध्यक्ष हबीब अंसारी, मनोज शर्मा, फुरकान त्यागी, महिला प्रकोष्ठ से सरोज देवी, ममता देवी, नीलम शर्मा, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, मीडिया प्रभारी हर्ष वशिष्ठ समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
