
फ़ॉक्सलेन न्यूज़। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के जमुनहा तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर संचालित मदरसों पर कार्रवाई जारी है। प्रशासनिक टीम ने रविवार चार मदरसे अवैध पाए। टीम ने सभी पर ताले जड़ दिए हैं। इसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएम अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर अवैध मदरसों की जांच के लिए अभियान चलाया गया। इससे पहले शनिवार को दस मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जमुनहा एसडीएम संजय राय, तहसीलदार विपुल सिंह व नायब तहसीलदार विजय प्रकाश गुप्ता व बीईओ सतीश कुमार ने रविवार को भी अवैध मदरसों की जांच के लिए अभियान चलाया।

पुलिस और प्रशासन की टीम ने रविवार को बनगई गांव के अलमहादुल इस्लामिया अनवारुल उलूम में छापेमारी की। इस मदरसे को 2014 में अस्थाई मान्यता मिली थी। समय सीमा बीतने के बाद भी स्थाई मान्यता नहीं ली गई। टीम ने इसे सील कर दिया।
इसी प्रकार मदरसा इस्लामिया अरबिया अनवारुल उलूम नवीन परती भूमि पर संचालित मिला। टीम ने यहां भी ताला जड़ा। मदरसा अरबिया मसूदियाया दारुल उलूम को छापेमारी में अवैध पाए जाने पर उसको भी सील किया गया। जमुनहा में संचालित मदरसा इस्लामिया मिस्बाहुल उलूम की मान्यता खत्म होने के बाद भी संचालन किया जा रहा था। इससे पहले शनिवार को दस मदरसे अवैध रूप से संचालित मिले, जिनको सील कर दिया गया है।
जमुनहा में मदरसा जामिया अबुबकर अनवारूल कुरान सरकारी जमीन पर चल रहा था। श्रीनगर का मदरसा अल जामइतुल अरबिया अहले सुन्नत उताउल उलूम व फतेहपुर बनगई स्थित मदरसा अल जामइतुलहुदा गांधी को सील किया गया।
भिनगा का मदरसा दारूल उलूम गुलजारे मदारगढ़, मदरसा इमदादुल उलूम करमिया शाहपुर शिवदीन, मदरसा अरबिया गुलशन मुस्तफा सदाये रजा परसा डेहरिया, मदरसा अरबिया गौसिया शफीउल उलूम अशरफ नगर, मदरसा सिराजुल उलूम शाहपुर कला, मदरसा जामिया मसूदिया वारिमुल उलूम भंगहा बाजार तथा मदरसा अहल सुन्नत मदारूउल उलूम तालबघौड़ा को मान्यता नहीं होने पर बंद कराया गया है।
