
बुलंदशहर। (फ़ॉक्सलेन न्यूज़) उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में एक चोर ने कोर्ट रूम में ही एडवोकेट क्लर्क की जेब काट ली। हालांकि, एडवोकेट क्लर्क जेब कतरे से शातिर निकले और उन्होंने मौके पर ही उस चोर को पैसों के साथ पकड़ लिया। पहले तो उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस लिए, फिर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद एडवोकेट क्लर्क ने जेब कतरे को पुलिस को सौंप दिया। एडवोकेट क्लर्क की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जेब कतरे के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।

यह घटना शनिवार दोपहर द्वितीय अपर सिविल जज सीडी की कोर्ट की है। दरअसल, शनिवार दोपहर को कोर्ट में एडवोकेट क्लर्क सरताज अहमद एक केस की तारीख पर गए हुए थे। यहां कोर्ट में अग्रवाल पाठशाला बनाम उर्मिला देवी हाजिर हों की आवाज पर वह अपने मुवक्किल के साथ पत्रावली लेकर कोर्ट गए थे। इसी दौरान कोर्ट रूम में जेब कतरे ने क्लर्क सरताज अहमद की जेब पर हाथ साफ कर दिया। सरताज
अहमद ने जेब कतरे को पकड़ लिया। मौके पर ही जेब कतरे से एडवोकेट क्लर्क ने निकाली गई रकम 200 रुपये बरामद कर लिए। बुलंदशहर कोतवाली नगर पुलिस ने एडवोकेट क्लर्क सरताज अहमद की तहरीर पर जेब कतरे आसिफ के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जेब कतरा आसिफ बुलंदशहर के मोहल्ला चौधरीवाड़ा सिकंदराबाद का रहने वाला है।
