
मेरठ। (फ़ॉक्सलेन न्यूज़) मेरठ के दौराला में एक शादी समारोह में मंडप-खाना सब सजा था। दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई थी, लेकिन पता चला कि वहां से गायब हो गई। दुल्हन के न आने से शादी की सारी तैयारियां धरी रह गईं।

दौराला के एक गांव निवासी ग्रामीण ने अपनी बेटी का रिश्ता रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय किया था। सगाई आदि की रस्में हो चुकी थी। सोमवार देर रात युवती की बरात आनी थी। सुबह से ही परिवार के लोग तैयारी में जुटे थे। मंडप सज चुका था। मंडप से लेकर गांव के बाहर तक सजावट की गई थी। दुल्हन पक्ष के सभी रिश्तेदार आ चुके थे और खाना भी तैयार हो चुका था। सभी बरात आने का इंतजार कर रहे थे। देर शाम को बरात आने से पहले दुल्हन दौराला स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के लिए गई थी। बरात दुल्हन के घर आने के लिए तैयार हो चुकी थी। तभी दुल्हन पार्लर से लापता हो गई।

जानकारी करने पर पता चला कि दुल्हन का रिश्ते के मौसेरे भाई भी लापता है। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों में अफरा-तफरी मच गई। वे दुल्हन और युवक की तलाश में जुट गए लेकिन उनका अता-पता नहीं चला। शादी की खुशियां गम में बदल गईं।
